नई दिल्ली: Asia Cup 2025 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। 9 सितंबर को अफगानिस्तान और हांगकांग (Afghanistan vs Hong Kong) के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा, जबकि टीम इंडिया (Team India) 10 सितंबर को मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। टूर्नामेंट का सबसे बड़ा रोमांचक मैच 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच होगा। इस बीच भारतीय टीम को एक खास खिलाड़ी से बड़ी चुनौती मिलने वाली है, जो अब प्रतिद्वंद्वी टीम के ड्रेसिंग रूम में रणनीति बना रहा है।
भारत को चुनौती देने आ रहे हैं कुलकर्णी
भारतीय क्रिकेट के जाने-माने नाम और पूर्व घरेलू खिलाड़ी सुलक्षण कुलकर्णी (Sulakshan Kulkarni) अब ओमान क्रिकेट टीम से जुड़ चुके हैं। भारत और ओमान (India vs Oman) का सामना 19 सितंबर को होगा। हालांकि कागज पर टीम इंडिया मजबूत मानी जा रही है, लेकिन कुलकर्णी की मौजूदगी ओमान के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है।
कुलकर्णी को जुलाई 2025 में ओमान का सहायक कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह महाराष्ट्र और मुंबई जैसी घरेलू टीमों को कोचिंग दे चुके हैं। उनके अनुभव से ओमान जैसी छोटी टीम बड़े मंच पर उलटफेर कर सकती है।
वर्ल्ड चैंपियन बना चुके हैं भारत को
सुलक्षण कुलकर्णी (Sulakshan Kulkarni) का कोचिंग करियर बेहद सफल रहा है। 2019 में विकलांग क्रिकेट विश्व कप में उन्होंने भारतीय टीम को खिताब दिलाया था। इसके अलावा 2012-13 में मुंबई को रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) जिताने वाले भी वही थे। नेपाल और विदर्भ जैसी टीमों को भी उन्होंने ट्रेन किया है।
खिलाड़ी के तौर पर भी कुलकर्णी का रिकॉर्ड शानदार रहा। वह विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में 65 फर्स्ट क्लास मैचों में 3332 रन बना चुके हैं, जिसमें छह शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।
टीम इंडिया की कमजोरी जानते हैं
भारतीय टीम के लिए कुलकर्णी इसलिए और खतरनाक साबित हो सकते हैं क्योंकि उन्होंने लंबे समय तक भारतीय घरेलू खिलाड़ियों के साथ काम किया है। वह खिलाड़ियों की ताकत और कमजोरियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। यही अनुभव ओमान के खिलाड़ियों के लिए बड़ी पूंजी साबित हो सकता है।
कुलकर्णी ने हाल ही में एक बयान में कहा था, “मैंने ऐसी टीम की कप्तानी की है जिसमें कोई बड़ा नाम नहीं था, फिर भी हमने दिग्गज खिलाड़ियों वाली टीमों को हराया। उम्मीद है कि ओमान भी भारत और पाकिस्तान के खिलाफ यही कर पाए।”
भारत के लिए बड़ा इम्तिहान
एशिया कप 2025 में टीम इंडिया फेवरेट मानी जा रही है। कप्तान सूर्यकुमार यादव (Surya Kumar Yadav) और कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की अगुवाई में टीम मजबूत दिखती है। लेकिन सुलक्षण कुलकर्णी जैसे रणनीतिकार का सामने होना भारत के लिए हल्की मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
इस बार का एशिया कप सिर्फ खिलाड़ियों की जंग नहीं, बल्कि दिमाग और रणनीति की भी टक्कर होगा। भारत को अपने पूर्व क्रिकेटर की चालाकी से बचकर निकलना होगा।



