नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और “दादा” के नाम से मशहूर सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) अब कोचिंग की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) से पहले गांगुली को दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग SA20 (SA20 League 2025) की टीम प्रिटोरिया कैपिटल्स का हेड कोच (Pretoria Capitals Head Coach) नियुक्त किया गया है। यह पहली बार है जब वह किसी प्रोफेशनल क्रिकेट टीम की कमान बतौर फुल-टाइम हेड कोच संभालेंगे।
प्रिटोरिया कैपिटल्स से जुड़ाव
गांगुली की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा टीम ने सोशल मीडिया पर की और इसे उनकी “नई शुरुआत” बताया। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट (Jonathan Trott) की जगह ली है, जिन्होंने पिछले सीजन टीम का मार्गदर्शन किया था। अब प्रिटोरिया कैपिटल्स (Pretoria Capitals) की जिम्मेदारी भारत के इस पूर्व कप्तान के कंधों पर होगी।
गांगुली की नई चुनौती
SA20 का अगला सीजन 26 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक खेला जाएगा। प्रिटोरिया कैपिटल्स (Pretoria Capitals) ने पहले सीजन में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन 2025 में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ऐसे में गांगुली के सामने चुनौती होगी कि वे टीम को खिताब की दौड़ में मजबूती से उतारें।
भारतीय क्रिकेट में गांगुली की विरासत
सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने बतौर कप्तान भारतीय टीम को नई पहचान दिलाई। उनकी अगुवाई में भारत ने विदेशी सरजमीं पर यादगार जीत दर्ज की और टीम को लड़ाकू जज्बे के साथ मैदान में उतारा। बीसीसीआई अध्यक्ष रहते उन्होंने भारतीय क्रिकेट में कई अहम बदलाव किए। हाल ही में वह आईपीएल और WPL में दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक की भूमिका निभा रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
गांगुली ने टेस्ट क्रिकेट में 113 और वनडे में 311 मैच खेले। टेस्ट में उन्होंने 42.18 की औसत से 7212 रन बनाए, जिसमें 16 शतक और 35 अर्धशतक शामिल रहे। वनडे में उनका रिकॉर्ड और भी शानदार रहा—11363 रन, 22 शतक और 72 अर्धशतक। गेंदबाजी में भी उनका योगदान अहम रहा, टेस्ट में 32 और वनडे में 100 विकेट उनके नाम हैं।
आईपीएल करियर
गांगुली आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और पुणे वॉरियर्स इंडिया के कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने 2008 से 2012 तक 59 मैचों में 1349 रन बनाए, जिसमें सात अर्धशतक शामिल रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन रहा और साथ ही 10 विकेट भी उनके नाम दर्ज हैं।
सौरव गांगुली का यह नया सफर क्रिकेट जगत के लिए बेहद खास माना जा रहा है। कप्तानी और प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाने के बाद अब वह बतौर हेड कोच मैदान से बाहर टीम को जीत का रास्ता दिखाने उतरेंगे। प्रिटोरिया कैपिटल्स की उम्मीदें पूरी तरह “दादा” पर टिकी होंगी।



