नई दिल्ली: ‘दुनिया की शुगर राजधानी’ भारत अब मोटापे का भी कैपिटल बन रहा है। बचपन में मोटापे के मामले में देश दुनिया भर में तीसरे स्थान पर है। इस समय मोटापा और उससे संबंधित मेटाबोलिक रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ये बातें केंद्रीय मंत्री और मेडिसिन प्रोफेसर, जाने-माने डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. जितेंद्र सिंह ने पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने जागरूकता और सही जानकारी फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया, साथ ही भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ भी आगाह किया।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मशहूर एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. अंबरीश मिथल और शिवम विज की लिखी किताब द वेट लॉस रेवोल्यूशन – वेट लॉस ड्रग्स एंड हाउ टू यूज देम का विमोचन किया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध फिल्म हस्ती शर्मिला टैगोर और मीडिया जगत की जानी-मानी हस्ती शोभना भरतिया भी मौजूद रहीं।
जागरूकता के साथ सावधानी जरूरी
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मोटापा और मधुमेह, डिसलिपिडेमिया, उच्च रक्तचाप, कोरोनरी हृदय रोग और फैटी लीवर रोग जैसे संबंधित मेटाबोलिक विकारों के प्रति देश में अचानक जागरूकता आई है। अवैज्ञानिक डाइट चार्ट और सनक भरे नियमों के माध्यम से फैलने वाली गलत सूचनाओं के प्रति सावधान रहने की जरूरत है। भोजन की क्वालिटी, मात्रा और डिटेल के साइंटिफिक रूल पर लेनी चाहिए।
योग से 40 फीसदी कम हो सकता है टाइप-2 शुगर
केंद्रीय मंत्री ने जीवनशैली में बदलाव के महत्व पर भी जोर दिया। भारतीय अध्ययनों का हवाला देते हुए बताया कि नियमित योग अभ्यास से टाइप-2 मधुमेह को 40% तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश जीवनशैली संबंधी बीमारियों के कारण अपनी क्षमता से समझौता नहीं कर सकता इसलिए रोकथाम भविष्य के सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का मुख्य आधार बनी रहनी चाहिए।
फिट इंडिया मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की अपील की
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुजरात के पालीताणा स्थित अपने गृह गांव हनोल से फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल पहल में भाग लेकर सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। डॉ. मांडविया ने ग्रामीण नागरिकों से फिट इंडिया मोबाइल ऐप डाउनलोड करने और कार्बन क्रेडिट सुविधा का उपयोग करने का आग्रह किया।
दिसंबर 2024 में शुरू की गई पहल अब तक 46,000 से अधिक स्थानों पर आयोजित की जा चुकी है। इनमें 8 लाख से अधिक लोग भाग ले चुके हैं। एक स्वस्थ, प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण का अपना मिशन जारी रखते हुए, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय ने आज राष्ट्रीय कैडेट कोर के साथ साझेदारी में देश भर में 5000 स्थानों पर ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का एक विशेष संस्करण आयोजित किया। इस कार्यक्रम में लगभग 3000 नमो फिट इंडिया क्लबों ने भी भाग लिया।



