नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम (India Cricket Team) का व्यस्त शेड्यूल इस साल भी जारी है। अब मैन इन ब्लू की अगली चुनौती एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) है, जो T-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। इसके बाद टीम को कई T-20 सीरीज में उतरना है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया का दौरा (India vs Australia Tour) भी शामिल है। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के टी-20 से संन्यास के बाद सलामी बल्लेबाज की दौड़ तेज हो गई है और इस रेस में फिलहाल शुभमन गिल (Shubman Gill) और अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) सबसे आगे हैं।
शुभमन गिल का T-20 रिकॉर्ड
भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ टी-20 डेब्यू किया। अपनी क्लासिक तकनीक के साथ ताबड़तोड़ शॉट खेलने की क्षमता के लिए मशहूर गिल अब तक 21 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 578 रन बनाए हैं। उनके खाते में 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। 139 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले गिल अब तक 60 चौके और 22 छक्के जड़ चुके हैं, जो उनकी स्थिर लेकिन प्रभावी बल्लेबाजी को दर्शाते हैं।
अभिषेक शर्मा का T-20 रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 डेब्यू किया और शुरुआत से ही अपने आक्रामक अंदाज से प्रभावित किया। उन्होंने 17 मैचों में 535 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 193 है, जो मौजूदा दौर के सबसे तेज स्कोरर्स में उन्हें शामिल करता है। 46 चौके और 41 छक्के लगाने के साथ-साथ अभिषेक गेंदबाजी में भी योगदान दे चुके हैं, और 6 विकेट हासिल किए हैं।
आईपीएल में दोनों का प्रदर्शन
दोनों खिलाड़ियों ने 2018 में आईपीएल में डेब्यू किया था। शुभमन गिल ने 118 मैचों में 3866 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उनका आईपीएल स्ट्राइक रेट 138 है और वे 372 चौके व 119 छक्के लगा चुके हैं।
चौके व 119 छक्के लगा चुके हैं।
वहीं, अभिषेक शर्मा ने 77 आईपीएल मैचों में 1816 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 163 है, जो गिल से काफी ज्यादा है। उन्होंने लीग में 174 चौके और 101 छक्के जड़े हैं, जिससे उनका आक्रामक खेल साफ झलकता है।
कौन है बेस्ट सलामी बल्लेबाज?
आंकड़ों पर नजर डालें तो स्ट्राइक रेट, चौके-छक्कों और आक्रामकता के मामले में अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल से आगे हैं। वहीं, निरंतर रन बनाने और लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहने के मामले में गिल को बढ़त है। विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों खिलाड़ी लंबे समय तक टीम इंडिया की ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।



