गुरपा: बिहार और झारखंड की सीमा पर स्थित गुरपा के लोगों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने जम्मू तवी-सियालदह एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर इस स्टेशन पर फिर से रोक दिया, जिससे स्थानीय निवासियों में खुशी का माहौल है। यह ठहराव कोरोना काल से ही बंद था, जिसे दोबारा शुरू करने की मांग लगातार की जा रही थी।
चुनावी वादा किया पूरा
स्थानीय लोगों और समाजसेवियों, जिनमें मनोज यादव, रंजीत साव, राजेश मांझी और अन्य शामिल थे, ने चुनाव के दौरान जीतन राम मांझी से इस ट्रेन के ठहराव की मांग की थी। मांझी ने तब वादा किया था कि जब तक यह ट्रेन गुरपा में नहीं रुकेगी, तब तक वह वहां नहीं आएंगे। ट्रेन के ठहराव का शुभारंभ कर उन्होंने अपना वादा पूरा किया।
स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों से केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया। जीतन राम मांझी ने इस अवसर पर कहा कि यह उनके प्रयासों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष कृपा से संभव हो पाया है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी धन्यवाद दिया।
क्षेत्र के विकास का रोडमैप
सभा को संबोधित करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि अगले पांच साल में गया की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाएगी। उन्होंने बताया कि गया में औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना की जा रही है और विकास के सभी कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने गुरपा क्षेत्र की कुछ प्रमुख सड़कों के निर्माण का भी आश्वासन दिया, जिनमें गोपीमोड़-गुरपा-पतवास तक की 18 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क और गुरपा से दुदू बग़ैय व गुरपा से धनछू मंझला रोड शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सड़कों का निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़े: मातृ वन से मजबूत होगा Delhi-NCR का फेफड़ा
हटिया कोशी एक्सप्रेस का भी मिलेगा ठहराव
रेलवे संघर्ष समिति के अध्यक्ष ई नंदलाल मांझी ने बताया कि जीतन राम मांझी जनहित की समस्याओं को हल करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हटिया कोशी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव भी जल्द ही गुरपा में शुरू किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने रेल मंत्री से मिलकर इस संबंध में चर्चा की है और उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला है।



