पटना: आदर्श आनंद ने भोजपुरी के बड़े चेहरे के साथ एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग को पूरा किया है। अब जिओ हॉटस्टार पर एक गेमिंग रियलिटी शो में भी वह नजर आ रहे हैं। वह बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले हैं। आदर्श ने तंग गलियों और टूटे-फूटे घर से लेकर माया नगरी मुंबई तक का सफर तय किया है।
बातचीत के दौरान मुकाम हासिल करने से जुड़े सवाल पर आदर्श आनंद ने कहा कि स्कूल के समय से ही उन्हें एक्टिंग, डांसिंग और सिंगिंग में पसंद था। और इसी में ही करियर बनाने की चाहत थी। दसवीं पास करते ही हमने ठान लिया था कि करियर मुझे इसी में बनाना है। वह बताते हैं कि उनके पिता रविकर प्रसाद कर्ण प्राइवेट टीचर हैं और मां मधुबाला देवी हाउस वाइफ। दो छोटी बहनें पूजा श्री और विद्या श्री हैं, जो मेरा इस काम में उत्साहवर्धन करती हैं। सभी ने मुझे सपोर्ट किया है। मुझे पढ़ाई में मां कम लगता था लेकिन पिताजी शिक्षक थे जिस वजह से मार खाकर मुझे पढ़ाई करना पड़ा। यही वजह है कि साइंस से ग्रेजुएशन किया है।
घर सामान्य, छत से टपकता पानी
आदर्श आनंद एक बेहद ही सामान्य घर में रहते हैं। घर का छत जर्जर है पानी टपकता है। वह कहते हैं कि स्कूल में कोई भी प्रतियोगिता होती थी तो उसमें जरूर भाग लेते थे। लाइफ का बड़ा अचीवमेंट ऐसी ही एक प्रतियोगिता से हासिल हुआ। बड़ा इसलिए क्योंकि ये पहली सफलता थी, जिसमें मुझे 51 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। यह प्रतियोगिता भागलपुर के टाउन हाल में हुई थी। प्रतियोगिता ‘घर-घर में स्टार’ का टाइटल मैंने जीता था। इसके बाद मैंने बतौर आरजे भागलपुर में एक एफएम में काम किया है। आदर्श आनंद ने कहा कि उनको हारमोनियम, पियानो, गिटार समेत कई अन्य वाद्य यंत्र बजा लेता हूं। गाना गाने और डांस करने के साथ-साथ मिमिक्री करना भी बेहद करते हैं।
दिल में भागलपुर, यही मेरी पहचान
हर एक वीडियो में खुद को भागलपुर और बिहार से कनेक्ट करने से जुड़े सवाल पर आदर्श आनंद कहते हैं कि कई अन्य राज्यों में मैंने आडिशन दिया। जहां जब अपना परिचय बतौर बिहार और भागलपुर निवासी के रूप में देता था, तो लोग मुझे अजीब नजरों से देखते थे। बिहार का होना उनकी नजरों में बहुत गलत था। इसलिए हमने ठान लिया कि अपनी जन्मभूमि, कर्मभूमि को साथ लेकर चलेंगे, क्योंकि यही हमारी पहचान है। वह बताते हैं कि उनके दिल में भागलपुर बसता है। यहीं पर जन्म हुआ, यहीं टैलेंट को नए आयाम मिला। अपनी जन्मभूमि और कर्म भूमि को कभी नहीं भूलना चाहिए। यही मेरी पहचान है। इसलिए भी भागलपुर को हमेशा याद करता रहूंगा।
मोदी सर पसंद, लेकिन राजनीति ने कोई वास्ता नहीं
यूपी चुनाव के दौरान बेरोजगारी को लेकर आदर्श आनंद का दो से तीन वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुए थे। आदर्श ने इस बात पर कहा कि पहले तो मुझे राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। खुद अभिनेता हूं तो नेता से क्या मतलब। आदर्श कहते हैं कि मोदी सर पसंद है। उनकी मिमिक्री भी करता हूं। लालू यादव भी पसंद हैं, लेकिन राजनीति से दूर रहना है।
उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन, पीएम मोदी, नाना पाटेकर, अजय देवगन, सलमान खान समेत 300 से ज्यादा नेताओं और अभिनेताओं की मिमिक्री कर लेते हैं। 2011 में पहला वीडियो ऋतिक रोशन मिमिक्री का बनाया था जो काफी वायरल हुआ था, वीडियो को 6 लाख हिट मिले हैं।
टेलेंट है तो फालोअर्स मायने नहीं रखता
आदर्श आनंद बताते हैं कि फालोअर्स सिर्फ नंबर हैं। आपके पास टैलेंट है, तो फालोअर्स मायने नहीं रखते। आप अपने कर्म कीजिए और आगे बढ़िए। मेहनत करने से ही सफलता मिलती है, मेहनत को मन लगाकर करना चाहिए जो भी काम करे उसे शिद्दत और लगन से करेंगे तो सफलता जरूर मिलती है। युवाओं से कहा कि गलत रास्ता नहीं चुनें, मेरे पास जो कोई आता है उसे यही सीख देते हैं।
आदर्श आनंद ने कहा कि सिर्फ इतना कमा लेते हैं कि अपने साथ काम करने वालों को कोई कमी नहीं होने देता। घर वाले खुश हैं, आने-जाने के लिए भाड़े और पहनने के लिए कपड़ों की जरूरत पूरी होती है। उन्होंने बताया कि यूट्यूब से मुझे पहली बार आठ हजार रुपये मिले थे। जिसने मुझे, मेरे टैलेंट को मंच दिया। अब इंस्टाग्राम फेसबुक सहित अन्य प्लेटफार्म पर वीडियो शेयर करते हैं। और इनकम में उतार चढाव होते रहता है। बता दें की आदर्श आनंद के इंस्टाग्राम पर 2.7 मिलियन फॉलोवर्स है। वहीं, यूट्यूब पर भी 22 लाख सब्सक्राइबर्स है।
साझा कीं अनकही कहानियां
बातचीत के दौरान अपनी जिंदगी की एक अनकही कहानी को भी साझा करते हुए कहा कि उन्हें एक लड़की से बहुत प्यार था। उसे गिफ्ट में आईफोन दिया था, लेकिन वह लड़की छोड़ कर चली गई और फोन का EMI भरना पड़ा। वह संघर्ष का दौर था। दूसरे से 30 हजार कर्ज लेकर गर्लफ्रेंड को मोबाइल गिफ्ट किया था, लेकिन अब जिंदगी बदल गयी है। अब उन्हें काम से मोहब्बत है, एक्टिंग से प्यार है।
निरहुआ और अक्षरा के साथ किया अभिनय
भागलपुर का यह लड़का अपने पाजिटिव विचारों के साथ आगे बढ़ रहा है। एक्टिंग, डांसिंग, एंकरिंग, मिमिक्री और सिंगिंग जैसी प्रतिभा को दिन प्रतिदिन निखार रहा है। अब फिल्मों में काम करने का मौका भी मिला है। आदर्श ने बताया कि अगस्त के महीने में एक भोजपुरी फिल्म रिलीज होने वाली है। उसे फिल्म में निरहुआ अक्षरा के साथ उन्होंने अभिनय किया है फिल्म में आदर्श आनंद अक्षरा सिंह के भाई के रोल में है।
रियलिटी शो में कर रहे काम
एक निजी चैनल पर रियलिटी शो में वह काम कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने अपने बाल का मुंडन कराया है। कई ऐसे काम भी हैं, जिनको वहां पर यह पूरा कर रहे हैं। इसमें कई डायलॉग भी है। उन डायलॉग को लोग कटिंग कर अपने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगा रहे हैं जो हजारों और लाखों में व्यू जा रहा है।
- विशेष बातचीत: संजीत कुमार



