नई दिल्ली: मानसून का मौसम जहां ताजगी और हरियाली लाता है, वहीं यह मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है। इस दौरान कई लोग थकान, ध्यान की कमी और भूलने की समस्याओं से जूझते हैं, जिसे विशेषज्ञ ब्रेन फॉग कहते हैं। यह कोई बीमारी नहीं, बल्कि एक मानसिक स्थिति है, जिसमें दिमाग धुंधला सा महसूस होता है। ऐसी स्थिति में एकाग्रता में कमी महसूस होती है और कार्यक्षमता भी प्रभावित रहता है। विशेष तौर पर वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए यह उनकी उत्पादकता पर बड़ा असर डाल सकता है। आइए जानते हैं कि ब्रेन फॉग क्या है, यह क्यों होता है और इसे कैसे दूर किया जा सकता है।
मानसून में ब्रेन फॉग के कारण
सूरज की रोशनी और विटामिन डी की कमी
बरसात के दिनों में धूप कम मिलती है, जिससे शरीर में विटामिन डी का स्तर घट जाता है। यह विटामिन मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है और इसकी कमी से थकान, मूड में बदलाव और याददाश्त की कमजोरी हो सकती है।
नमी और डिहाइड्रेशन
मानसून में उमस के कारण लोग कम पानी पीते हैं, लेकिन नमी भरे मौसम में शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है। इससे मानसिक थकान, चक्कर और भ्रम की स्थिति बढ़ सकती है।
संक्रमण का खतरा
नम मौसम में बैक्टीरिया, फंगस और वायरस के कारण छोटे-मोटे संक्रमण का जोखिम बढ़ जाता है। ये संक्रमण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करते हैं, जिससे मानसिक सुस्ती और थकान महसूस हो सकती है।
नींद की गुणवत्ता में कमी
उमस, बंद खिड़कियां और बिजली की अनियमितता के कारण नींद पूरी नहीं हो पाती। खराब नींद सीधे तौर पर ध्यान, स्मृति और कार्यक्षमता को प्रभावित करती है।
मनोवैज्ञानिक प्रभाव
लंबे समय तक बादल छाए रहने और सूरज की कमी से कुछ लोगों में उदासी या मौसमी मूड डिसऑर्डर जैसे लक्षण देखे जाते हैं। खासकर लंबे काम के घंटों के साथ यह मानसिक थकावट और एकाग्रता की कमी को बढ़ा सकता है।
ब्रेन फॉग के लक्षण
ब्रेन फॉग की पहचान कुछ सामान्य लक्षणों से की जा सकती है:
- बार-बार ध्यान भटकना या छोटी-छोटी बातें भूल जाना।
- काम शुरू करने के बाद उसे अधूरा छोड़ देना।
- चिड़चिड़ापन, मूड में उतार-चढ़ाव या निर्णय लेने में कठिनाई।
- मानसिक थकान और स्पष्ट सोचने में दिक्कत।
- यदि ये लक्षण लगातार बने रहते हैं, तो यह ब्रेन फॉग का संकेत हो सकता है।
- ब्रेन फॉग से बचाव के उपाय
- विटामिन डी की पूर्ति करें
सूरज की रोशनी कम मिलने पर विटामिन डी की जांच करवाएं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट्स लें।
हाइड्रेशन का ध्यान रखें
पर्याप्त पानी पिएं। नारियल पानी, छाछ या हर्बल चाय जैसे पेय पदार्थ शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स को बनाए रखने में मदद करते हैं।
नींद को प्राथमिकता दें
नियमित नींद का समय बनाएं। सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करें और जरूरत हो तो डॉक्टर की सलाह से मेलाटोनिन जैसे सप्लीमेंट्स लें।
काम के बीच ब्रेक लें
जब आप काम पर हो तो हर कुछ घंटों में छोटे-छोटे ब्रेक लें। इसके अलावा अपनी डेस्क पर स्ट्रेचिंग या थोड़ी देर टहलने से दिमाग में ऑक्सीजन का प्रवाह बढ़ता है, जो एकाग्रता में सुधार करता है।
हल्का और पौष्टिक भोजन
भारी भोजन से बचें और फल, सब्जियां और प्रोटीन युक्त आहार लें। यह मानसिक और शारीरिक ऊर्जा को बनाए रखने में मदद करता है।
डॉक्टर से सलाह लें
अगर ब्रेन फॉग के लक्षण लंबे समय तक बने रहें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। यह आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और कार्य क्षमता को प्रभावित कर सकता है। ब्रेन फॉग को समझकर और सही कदम उठाकर आप अपनी मानसिक स्पष्टता और कार्यक्षमता को बनाए रख सकते हैं। मानसून में अपनी सेहत का ख्याल रखें और प्रोडक्टिव बने रहें।



